बाराबती स्टेडियम के आएंगे 'अच्छे दिन', दर्शकों के बैठने की क्षमता में हो सकता है इजाफा
भुवनेश्वर, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संकेत दिया है कि कटक में स्थित बाराबती स्टेडियम की क्षमता में बड़े विस्तार का प्रस्ताव अभी राज्य सरकार के विचाराधीन है। सीएम ने बताया कि इस संबंध में ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) ने राज्य सरकार को एक प्रस्ताव दिया है। इस स्टेडियम में 45,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी सरकार ने इस मामले पर विचार किया है। ओसीए और लोगों से बाराबती स्टेडियम के विस्तार और आधुनिकीकरण के बारे में एक प्रस्ताव मिला है। राज्य सरकार इस संबंध में बहुत जल्द फैसला करेगी।"
उन्होंने क्रिकेट मैच के सुचारू और बिना किसी परेशानी के आयोजन के लिए ओसीए के अधिकारियों, जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य सरकार के संबंधित विभागों को भी धन्यवाद दिया।
भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कटक मे खेले गए पहले टी20 मुकाबले को भारत ने अपने नाम किया। इस शानदार जीत के बाद सीएम माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा था, "साउथ अफ्रीका पर शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई। इस मुकाबले के दौरान जो जुनून और खेल भावना दिखाई दी, वह सच में प्रेरणादायक थी। बाराबती यादगार क्रिकेट के पलों का मंच रहा है। इस मुकाबले के दौरान स्टेडियम को फिर से जोश में देखना उस शानदार विरासत को फिर से जीने जैसा लगा।"
उन्होंने आगे कहा, "इस इवेंट को आसान और यादगार बनाने वाले इंतजामों की खास तारीफ। एडमिनिस्ट्रेशन, स्पोर्ट्स बॉडीज और वॉलंटियर्स की मिलकर की गई कोशिशों ने वहां मौजूद सभी लोगों के लिए एक शानदार अनुभव सुनिश्चित किया। यह ओडिशा और भारत के लिए गर्व का पल है। शाबाश, टीम इंडिया।"
भारत ने मंगलवार को बाराबती स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। भारत की तरफ से हार्दिक पंड्या ने 59 रन की नाबाद पारी खेली।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम महज 12.3 ओवरों में ही सिमट गई। साउथ अफ्रीका के लिए देवाल्ड ब्रेविस ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए।
--आईएएनएस
Stay Updated!
Get the latest breaking news directly on your phone.