रेवाड़ी में सद्भाव यात्रा, मंच पर एकता की बात और जमीन पर कांग्रेस की खींचतान उजागर
Rewari News: रेवाड़ी जिले में गुरुवार को पूर्व सांसद चौधरी बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा ने जैसे ही बावल विधानसभा क्षेत्र में कदम रखा, कांग्रेस के भीतर लंबे समय से दबा असंतोष भी सतह पर आ गया। मंच से एकता और समरसता की बात होती रही, लेकिन मैदान में तस्वीर कुछ और ही नजर आई। यात्रा के पहले ही दिन कई बड़े और जिम्मेदार कांग्रेस चेहरे नदारद रहे, जिसने स्थानीय संगठन की मजबूती और तालमेल पर नए सवाल खड़े कर दिए।
[caption id="attachment_210846" align="alignnone" width="1200"]
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा (Photo Source : X@CaptAjayYadav)[/caption]
72वें दिन रेवाड़ी पहुंची इस यात्रा की शुरुआत गांव टिकला के मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद हुई सभाओं में भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखे हमले सुनाई दिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा ने बिना नाम बदले योजना को कमजोर करने की रणनीति अपनाई और धीरे-धीरे इसे खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाए। बेरोजगारी के मुद्दे पर उनका लहजा और भी सख्त था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हालात ऐसे बन चुके हैं कि युवा जमीन-जायदाद बेचकर विदेश जाने को मजबूर हो रहे हैं। Rewari News
हालांकि राजनीतिक संदेशों से ज्यादा चर्चा कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान की रही। शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह और डॉ. एमएल रंगा की गैरमौजूदगी को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की बातें होती रहीं। बाद में दोनों जिला अध्यक्षों की ओर से सफाई दी गई कि वे पार्टी कार्य से चंडीगढ़ में थे, लेकिन सद्भाव यात्रा जैसे आयोजन में उनकी अनुपस्थिति को साधारण संयोग मानने को कई नेता तैयार नहीं दिखे।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह जी की सद्भाव यात्रा के बावल पहुंचने पर शामिल हुआ। रेवाड़ी जिले के बावल में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह जी की सद्भाव यात्रा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों व आम जनता ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. वीरेंद्र सिंह… pic.twitter.com/HncpgAX97B — Capt Ajay Singh Yadav (@CaptAjayYadav) December 18, 2025
सभा के दौरान चौधरी बृजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ईडी की पूछताछ के समय इसे राष्ट्रीय मुद्दा बना दिया गया, लेकिन जैसे ही कोर्ट का फैसला आया, वही मुद्दा मीडिया से गायब हो गया। उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों से समर्थन जताया। Rewari News
गांव टिकला की सभा में पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का बयान भी खासा चर्चा में रहा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए पार्टी के कुछ नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यात्रा से दूरी बनाना समाधान नहीं है। एकता की बात करने वालों को मैदान में उतरकर साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि वे बृजेंद्र सिंह के साथ हैं और पार्टी में किसी भी वरिष्ठ नेता के आने पर स्वागत किया जाएगा।
रेवाड़ी में सद्भाव यात्रा का संदेश भले ही एकता का हो, लेकिन पहले दिन की तस्वीर ने यह साफ कर दिया कि कांग्रेस के भीतर की दरारें अभी पूरी तरह भरी नहीं हैं। आने वाले दिनों में यह यात्रा संगठन को जोड़ने का जरिया बनेगी या अंदरूनी मतभेदों को और उजागर करेगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। Rewari News